पांच सौ से अधिक कन्याएं निकालेंगी कावड़-कलश यात्रा: रंगेश्वर महादेव का करेंगी जलाभिषेक

 


जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान से प्रेरित होकर श्री रंगेश्वर महादेव सेवा समिति की ओर से रविवार को विशाल कन्या कावड़-कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में 500 से अधिक कन्याएं शामिल होंगी। कन्याएं गलता जी तीर्थ से पवित्र जल कावड़ में लेकर बारह भाइयों का चौराहा, नाहरगढ़ रोड स्थित श्री रंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगी और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगी।

समिति की आयोजक गुंजन वशिष्ठ ने बताया कि कावड़-कलश यात्रा सुबह 7 बजे गलता गेट से रवाना होगी। कन्याएं गलता जी तीर्थ से पवित्र जल लेकर यात्रा में शामिल होंगी। यात्रा गलता गेट से सूरजपोल, रामगंज, त्रिपोलिया, जयलालमुंशी का रास्ता और नाहरगढ़ थाना होते हुए बारह भाइयों का चौराहा पहुंचेगी। यहां से यात्रा श्री रंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां पवित्र जल से बाबा भोलेनाथ का अभिषेक किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार आयोजन का उद्देश्य बेटियों के सम्मान और उनके प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। कावड़-कलश यात्रा का आयोजन श्री रंगेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश