इतिहास में पहली बार मेयर कांग्रेस का और डिप्टी मेयर भाजपा का, दाेनाें ने संभाला पदभार
बीकानेर, 24 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर नगर निगम में गुरुवार का दिन राजनीतिक रूप से खास रहा। मेयर अनिल कल्ला और डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने अपने-अपने पदभार ग्रहण कर लिए। खास बात यह है कि निगम के इतिहास में यह पहला मौका है जब मेयर कांग्रेस का और डिप्टी मेयर भाजपा का है। यानी सदन की तस्वीर भी कमोबेश फिफ्टी-फिफ्टी है और अब दोनों दलों को साथ लेकर चलना ही इस बोर्ड की सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती होगी। हालांकि दोनों तरफ से निकला संदेश लगभग एक जैसा था—बीकानेर के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।
मेयर अनिल कल्ला ने पदभार ग्रहण करने के बाद साफ कहा कि चुनाव तक भाजपा और कांग्रेस थी, लेकिन अब हम जनप्रतिनिधि हैं और शहर के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। जरूरत पड़ी तो सरकार से मिलेंगे और शहर के दूसरे जनप्रतिनिधियों को भी साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने साफ-सफाई को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ रखना उनकी जिम्मेदारी है और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
उधर डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने भी मीडिया से बातचीत में किसी तरह के विवाद से इनकार करते हुए कहा कि उनके और मेयर के बीच कोई विवाद नहीं है। उन्होंने दीपावली से पहले शहर में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और सीवरेज जैसी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता बताया।
मेयर के पदभार ग्रहण करने के माैके पर पूर्व मंत्री डाॅ. बी.डी.कल्ला, गाेविंदराम मेघवाल, वीरेंद्र बेनीवाल, मदनगाेपाल मेघवाल, यशपाल गहलाेत जबकि डिप्टी मेयर के पदभार ग्रहण माैके पर पूर्व यूआईटी चेयरमैन महावीर रांका, सुमन छाजेड़, श्याम सिंह हाडलां, कमल गहलाेत, भगवान सिंह मेड़तिया, माेहन सुराणा, मनीष साेनी सहित अनेक माैजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव