राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव का पहला चरण कल, 162 निकायों में होगा मतदान
जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। प्रदेश के 162 नगरीय निकायों में बुधवार को मतदान होगा। इनमें नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाएं शामिल हैं। मतदाता सुबह सात से शाम छह बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान दल मंगलवार को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
पहले चरण के चुनाव वाले निकायों में 17 नगर पालिकाओं के 25 वार्ड, चार नगर परिषदों के छह वार्ड और एक नगर निगम के एक वार्ड में सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इसके बावजूद शेष वार्डों में चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ी हुई है।
जयपुर जिले में पहले चरण के तहत 18 नगरीय निकायों में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए कुल 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान दलों ने मंगलवार को केंद्रों पर पहुंचकर नियंत्रण संभालना शुरू कर दिया।
पहले चरण में प्रदेश के अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगमों में भी मतदान होगा। इसके अलावा चौमूं, शाहपुरा, बाड़मेर, जैसलमेर, तिजारा, खैरथल, भिवाड़ी, करौली, कुचामनसिटी, डीडवाना, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, झालावाड़, बूंदी, बारां, जालोर, झुंझुनूं, फतेहपुर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, सुजानगढ़, चूरू, कोटपूतली, ब्यावर और नागौर नगर परिषदों में भी मतदान होगा।
मतदान के दिन मौसम भी फिलहाल अनुकूल रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 सितंबर तक प्रदेश में मानसून कमजोर रहने के कारण बारिश को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। ऐसे में मतदान के दौरान बारिश के कारण किसी तरह की बड़ी बाधा की आशंका नहीं है।
प्रदेश में पहले चरण के मतदान के बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना प्रस्तावित है। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर अब बुधवार को मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित