जनगणना के आंकड़ों पर बनती हैं राष्ट्र की योजनाएं: जिला कलेक्टर

 


जनगणना 2027 का प्रथम चरण प्रारम्भ, प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे मकानों की गणना एवं सूचीकरण, टीमें रवाना

जोधपुर, 16 मई (हि.स.)। जनगणना 2027 के अन्तर्गत प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 16 मई से 14 जून तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार एवं प्रशासन द्वारा नियुक्त प्रगणक अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं गणना कार्य करेंगे।

प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर जोधपुर आलोक रंजन ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण है, क्योंकि इसी के आधार पर राष्ट्र की भावी योजनाओं एवं विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड कार्य मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गंभीरता एवं सतर्कता के साथ संपादित किया जाए।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तीन दिवसों में प्रगणक अपने आवंटित क्षेत्र का मुआयना कर नजरी नक्शा तैयार करेंगे। इसके पश्चात मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर सटीक एवं सही जानकारी एकत्रित की जाएगी। जिला कलक्टर ने कहा कि फील्ड कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर प्रगणक अपने संबंधित पर्यवेक्षक, चार्ज स्तर अथवा जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।

अटल सेवा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने जनगणना 2027 के पोस्टर का विमोचन किया तथा जिला स्तर से प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को शुभकामनाएं देते हुए हरी झण्डी दिखाकर जनगणना के पुनीत कार्य के लिए रवाना किया।

कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग जोधपुर मीनाक्षी चौधरी, उपखण्ड जनगणना अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी पंकज कुमार तथा चार्ज जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार जोधपुर कृष्णपाल सिंह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश