न्यू सराधना में गतिशक्ति टर्मिनल से पहले एक्सपोर्ट कंटेनर रैक का शुभारंभ

 




अजमेर, 16 अप्रेल(हि.स.)। लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए, सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (सीडब्ल्यूसी) के तत्वाधान में गुरुवार को गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी), न्यू सराधना (अजमेर) से मुंद्रा पोर्ट के लिए पहली एक्सपोर्ट कंटेनर रैक को मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की उपस्थिति में सफलतापूर्वक रवाना किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, मंडल परिचालन प्रबंधक विपिन यादव सहित डीएफसीसी के सीजीएम विनीत त्यागी तथा सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के रिजिनल मैनेजर प्रिंस कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के अंतर्गत यह टर्मिनल किशनगढ़-ब्यावर औद्योगिक क्षेत्र के मार्बल, ग्रेनाइट और खनिज उद्योगों के लिए सीधा रेल संपर्क प्रदान करेगा। न्यू सराधना वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़ा है, जिससे मुंद्रा पोर्ट तक माल की ढुलाई तेज और सस्ती होगी। न्यू सराधना स्टेशन (सीडब्ल्यूसी टर्मिनल) पर गति शक्ति मल्टी-मोडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) के विकास के अन्तर्गत जो प्रमुख तथ्य शामिल है उनमें लगभग 17,500 वर्ग मीटर का कंटेनर यार्ड और 943 मीटर लंबी लूप लाइन है। माल के सटीक वजन के लिए 140 मिलियन टन का इलेक्ट्रॉनिक इन-मोशन वेब्रिज लगाया गया है। बाढ़ और माइनिंग स्ट्राइक जैसी चुनौतियों के बावजूद, इस यार्ड का विकास रिकॉर्ड 7 महीनों में पूरा किया गया। शुरुआती चरण में यहाँ से हर महीने 2 से 3 रेक के संचालन की उम्मीद है, जो मुख्य रूप से मुंद्रा, कांडला और गांधीधाम जैसे बंदरगाहों को जोड़ेंगे। किशनगढ़, ब्यावर और राजसमंद के मार्बल और पत्थर बाजार, ब्यावर क्षेत्र के सिमेंट उद्योग मुख्य रूप से लाभान्वित होंगे साथ ही किशनगढ़-अजमेर क्षेत्र में उभरती सौर विनिर्माण इकाइयां शामिल हैं। टर्मिनल पर आने वाले माल में सीमेंट क्लिंकर, कोयला, फ्लाई ऐश और उर्वरक शामिल होने की उम्मीद है। यहाँ से बाहर जाने वाले माल में मुख्य रूप से मार्बल और ग्रेनाइट स्लैब, सीमेंट उत्पाद और कृषि उत्पाद शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष