कटला अग्निकांड के बाद दमकल तंत्र को मिले आधुनिक सुरक्षा उपकरण

 


जयपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। माणक चौक थाना इलाके के पुरोहित जी का कटला में हुए भीषण अग्निकांड के बाद नगर निगम के अग्निशमन तंत्र को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। स्वायत्त शासन विभाग की ओर से नगर निगम की फायर शाखा को आग और आपदा के दौरान दमकलकर्मियों की सुरक्षा तथा राहत-बचाव कार्य के लिए आधुनिक जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हें परकोटा क्षेत्र सहित शहर के संवेदनशील फायर स्टेशनों पर भेजा गया है।

नगर निगम की उपायुक्त (फायर) दुर्गा कुमारी ने बताया कि पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं होने के कारण कई बार दमकलकर्मियों को आग से दूरी बनाकर पानी का छिड़काव करना पड़ता था। अब फायर एंट्री सूट मिलने से दमकलकर्मी अधिक तापमान और आग की लपटों वाले क्षेत्रों में अपेक्षाकृत सुरक्षित तरीके से प्रवेश कर सकेंगे। इससे आग बुझाने के साथ राहत-बचाव कार्य में भी मदद मिलेगी।

बहुमंजिला इमारतों में दूसरी या तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को बचाने के लिए सुरक्षा एयर बैग भी उपलब्ध कराए गए हैं। आपात स्थिति में ऊंचाई से नीचे उतरने में असमर्थ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में इनका उपयोग किया जा सकेगा। कुछ उपकरण आकस्मिक परिस्थितियों के लिए नगर निगम मुख्यालय में सुरक्षित रखे गए हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर किसी भी फायर स्टेशन पर भेजा जा सकेगा।

अधिकारियों के अनुसार जयपुर में 12 फायर स्टेशनों के जरिए आग और आपदा से जुड़ी घटनाओं पर कार्रवाई की जाती है। परकोटा क्षेत्र में संकरी गलियां, घनी आबादी और पुराने भवनों के कारण आग की घटनाओं में दमकलकर्मियों के सामने अधिक चुनौती रहती है। ऐसे में यहां के फायर स्टेशनों को प्राथमिकता से संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

इसके साथ ही फायर एंट्री सूट 5, दस्ताने 3, सुरक्षा एयर बैग 3, सर्च लाइट 3, विशेष हेलमेट 7, हल्के वजन के पंप 4 और भवन तोड़ने वाले हथौड़े 9 उपकरण मिले। अधिकारियों के मुताबिक नए उपकरणों से दमकलकर्मियों की सुरक्षा के साथ आग बुझाने और राहत-बचाव अभियान की क्षमता भी बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश