उदयपुर में दूध की दुकान में लगी आग, 30 लाख का सामान जलकर राख

 


उदयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर शहर के परशुराम चौराहा स्थित दूध की दुकान में सोमवार अलसुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के अंदर रखा फर्नीचर, दूध, बेकरी प्रोडक्ट्स सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग से करीब 30 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। दुकान के सामने से जिम जाने के लिए गुजर रहे एक युवक की नजर दुकान से उठती आग की लपटों पर पड़ी। उसने तत्काल दुकानदार को इसकी सूचना दी। इसके बाद दुकानदार ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब सुबह 5 बजे दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जल चुका था।

दुकान मालिक एकलिंगपुरा निवासी कैलाश डांगी ने बताया कि आग से दुकान का फर्नीचर, दूध और बेकरी के उत्पाद पूरी तरह जल गए। दुकान में रखी लाखों रुपए की नकदी भी आग की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि आग से करीब 30 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अलसुबह दुकान में लगी आग से आसपास के इलाके में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। दमकल की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता