इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग
जयपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। महेश नगर थाना क्षेत्र के 22 गोदाम स्थित सुदर्शनपुरा इलाके में बुधवार देर शाम एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जेएमडी एंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री, जहां बिजली के बॉक्स और इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट बनाए जाते हैं, उसके बेसमेंट में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही बेसमेंट में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में धमाके भी हुए, जिससे स्थिति और विकराल हो गई। सूचना मिलने पर महेश नगर थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मीयों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य चलाया।
थानाधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि हादसे में काम कर रही महिला मजदूर गोमा देवी (47) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभिषेक (30) निवासी बिहार, हाल निवासी नंदपुरी 22 गोदाम, तथा मनोज मालाकर (42) निवासी बिहार, हाल निवासी नंदपुरी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई। फैक्ट्री के यूनिट मालिक शशांक कटियार बताए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की पड़ताल में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश