पिंजरापोल गौशाला में चार गायों की मौत मामले में एफआईआर
जयपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में करंट लगने से चार गायों की मौत के मामले में पुलिस ने सनातन सेना प्रमुख एवं आरटीआई कार्यकर्ता अशोक पाठक की शिकायत पर बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गोपाल लाल को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में गौशाला परिसर में करंट फैलने से चार गायों की मौत हो गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गौशाला परिसर में ट्रांसफॉर्मर, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और नई इमारत के लिए बिछाई गई विद्युत केबल में गंभीर लापरवाही बरती गई। पानी में पड़ी विद्युत केबल से करंट फैलने के कारण हादसा होने की आशंका जताई गई है, जिससे गौभक्तों और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है।
अशोक पाठक ने शिकायत में घटना स्थल का वैज्ञानिक एवं फोरेंसिक निरीक्षण कराने, ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत उपकरणों की तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और रखरखाव संबंधी अभिलेख जब्त करने, गौशाला के निर्माण कार्य, आय-व्यय तथा विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों व संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के बाद सोमवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर सनातन सेना के बैनर तले प्रस्तावित घेराव एवं प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया। संगठन ने कहा कि एफआईआर दर्ज होना उनकी प्रमुख मांग पूरी होने की दिशा में पहला कदम है। हालांकि, दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई होने तक मामले की निगरानी जारी रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश