डूंगरपुर दौरे पर पहुँचे राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
डूंगरपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतराज चुनावों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने डूंगरपुर दौरे के दौरान आगामी चुनावों में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन के बाद अब पंचायतराज चुनावों में भी पार्टी का भगवा परचम लहराएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और पार्टी प्रत्याशियों को जनता का समर्थन मिल रहा है।
चतुर्वेदी शनिवार को डूंगरपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत-अभिनंदन किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, ग्रामीण विकास और आगामी पंचायतराज चुनावों को लेकर अपनी बात रखी।
अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि पिछले निकाय चुनावों में प्रदेश की जनता ने भाजपा के संकल्प पत्रों पर भरोसा जताया और अधिकांश नगर निगमों एवं नगर परिषदों में पार्टी के प्रत्याशियों को जीत मिली। अब पंचायतराज चुनावों में भी इसी तरह का जनसमर्थन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के पक्ष में माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास, कृषि और किसानों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयासों से आमजन का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। इसी विश्वास के आधार पर भाजपा पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करेगी।
दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित 'देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' रैली को लेकर चतुर्वेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की बात करने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में आपातकाल लगाया गया, विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया गया और अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर कई निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त किया गया। ऐसे में कांग्रेस का लोकतंत्र बचाने का नारा राजनीतिक विरोधाभास दर्शाता है। चतुर्वेदी ने कहा कि देश की जनता विकास और सुशासन के मुद्दों पर अपना निर्णय ले रही है। भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सामर के डूंगरपुर आगमन पर भाजपा नगर मंडल की ओर से सर्किट हाउस में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अतिथियों को उपरणा ओढ़ाकर स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गुरुप्रसाद पटेल, प्रभु पंड्या, विधायक प्रत्याशी बंशीलाल कटारा, नगर अध्यक्ष नयन सुथार, पूर्व नगर अध्यक्ष मनोहर पटेल, मुकेश नागदा, दिलीप जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष