राजस्थान में फिल्म शूटिंग और पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान: हनु रोज
जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक प्रकाश झा इन दिनों जयपुर में अपनी आगामी वेब सीरीज की शूटिंग कर रहे हैं। इसी दौरान जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (जिफ) के फाउंडर डायरेक्टर हनु रोज ने उनसे शूटिंग स्थल पर मुलाकात की। दोनों के बीच राजस्थान में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने, स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और फिल्म पर्यटन को विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
प्रकाश झा ‘गंगाजल’, ‘राजनीति’ और ‘सत्याग्रह’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशन के साथ लोकप्रिय वेब सीरीज ‘आश्रम’ के लिए भी जाने जाते हैं। उनकी वर्तमान वेब सीरीज की शूटिंग जयपुर के मानसरोवर, कूकस, मालवीय नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में की जा रही है।
मुलाकात के दौरान हनु रोज ने राजस्थान की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक लोकेशन्स को फिल्म पर्यटन से जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग बढ़ने से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर मिलने के साथ होटल, परिवहन और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को भी लाभ मिलता है।
हनु रोज ने कहा कि उनका उद्देश्य राजस्थान को फिल्म शूटिंग, फिल्म फेस्टिवल, फिल्म मार्केट और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा गतिविधियों के माध्यम से देश-दुनिया के फिल्म मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाना है। राजस्थान की कला, संस्कृति, विरासत और विविध लोकेशन्स को सिनेमा से जोड़कर फिल्म पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
उन्होंने कहा, राजस्थान जितना हमारा है, उतना ही देश के हर फिल्मकार का भी है। फिल्म निर्माताओं को यहां शूटिंग के लिए बेहतर माहौल और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना प्रदेश के पर्यटन तथा रचनात्मक अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश