पिता के त्याग की भावुक कहानी लेकर आ रही फिल्म समर्पित फादर्स लव
जयपुर, 30 मई (हि.स.)। पिता के प्रेम, त्याग और संघर्ष पर आधारित हिंदी फीचर फिल्म ‘समर्पित : फादर्स लव’ की स्टारकास्ट जयपुर में मीडिया से संवाद किया। फिल्म के प्रचार-प्रसार के तहत आयोजित विशेष संवाद में कलाकारों और निर्माताओं ने फिल्म की कहानी, उद्देश्य और सामाजिक पहल की जानकारी साझा की।
मुख्य अभिनेता अंकित यादव, अभिनेत्री कोमल हरपालानी, अभिनेता अमित सक्सेना ने बताया कि फिल्म का निर्माण नैशा फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म का लेखन एवं निर्देशन एहसान खान ने किया है, जबकि निर्माता साक्षी यादव हैं। फिल्म 19 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म एक ऐसे पिता की भावनात्मक यात्रा को दर्शाती है, जो अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हर संघर्ष, त्याग और कठिनाई को मुस्कुराते हुए स्वीकार करता है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों की संवेदनशीलता को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। फिल्म में मुख्य भूमिका में अंकित यादव और कोमल हरपालानी नजर आएंगे। वहीं जयपुर के कलाकार अमित सक्सेना, आंचल पारिख, सुरेंद्र यादव और देवेंद्र गुप्ता ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। इसके अलावा मीत वर्मा, देव व्यास, प्राशिका शर्मा, जावेद हैदर तथा अभिनेत्री जया भट्टाचार्य भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म के गीत प्रसिद्ध गायक शाहिद माल्या ने गाए हैं, जो रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा में हैं। इस दौरान मुख्य अभिनेता अंकित यादव, अभिनेत्री कोमल हरपालानी, अभिनेता अमित सक्सेना, बॉलीवुड लेखक इकराम अख्तर, बॉलीवुड बाबा के संस्थापक नवीन श्रीवास्तव, राजेश पेसवानी, ललित सक्सेना, अनुराग शर्मा सहित फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही। कलाकारों ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।
इस दौरान फिल्म का एक्सक्लूसिव प्रोमो भी मीडिया के समक्ष प्रदर्शित किया गया। आयोजकों ने बताया कि फिल्म में अधिकांश कलाकार राजस्थान से हैं, जिन्हें बॉलीवुड बाबा के माध्यम से चयनित कर फिल्म में अवसर दिया गया।
फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता इसका सामाजिक उद्देश्य है। निर्माता साक्षी यादव और नैशा फिल्म्स ग्रुप ने घोषणा की कि फिल्म की नेट बॉक्स ऑफिस कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा कैंसर मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सहायता के लिए दान किया जाएगा। फिल्म जगत में इस पहल को सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश