सुनील कोठारी को मेयर प्रत्याशी बनाना दूरदर्शी निर्णय : राजू मंगोड़ीवाला

 


जयपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। भाजपा की ओर से वरिष्ठ भाजपा नेता, ज्वैलर एवं समाजसेवी सुनील कोठारी को जयपुर नगर निगम के महापौर पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों में हर्ष का माहौल है।

ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेश संयोजक तथा कैट राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष राजू मंगोड़ी वाले ने भाजपा के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे दूरदर्शी और जनभावनाओं के अनुरूप बताया। मंगोड़ी वाला ने कहा कि सुनील कोठारी लंबे समय से भाजपा की विचारधारा के प्रति समर्पित रहकर संगठन को मजबूती देने के साथ सामाजिक एवं व्यापारिक क्षेत्र में भी सक्रिय योगदान देते रहे हैं। उनके अनुसार विनम्र व्यवहार, कर्मठ कार्यशैली, संगठनात्मक दक्षता और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ाव उनकी प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय की समस्याओं के समाधान, सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी और जनसेवा के प्रति निरंतर समर्पण सुनील कोठारी की पहचान रही है। नगर के विकास, स्वच्छता, यातायात, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर उनकी स्पष्ट सोच और कार्यक्षमता नगर निगम के लिए उपयोगी साबित होगी।

मंगोड़ी वाले ने विश्वास जताया कि सुनील कोठारी के नेतृत्व में जयपुर नगर निगम विकास, पारदर्शिता और जनसहभागिता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कोठारी को महापौर पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और भाजपा के प्रदेश नेतृत्व, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने वाला है और उनके अनुसार नगर के सर्वांगीण विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश