कोचिंग संस्थानों की सीलिंग के खिलाफ महासंघ ने खोला मोर्चा

 


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से गोपालपुरा बाईपास क्षेत्र में 100 से कम विद्यार्थियों वाले कोचिंग संस्थानों को सील करने की कार्रवाई के विरोध में ऑल कोचिंग इंस्टिट्यूट महासंघ ने मोर्चा खोल दिया है। महासंघ ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने तथा सील किए गए संस्थानों को खोलने की मांग की है।

महासंघ ने आरोप लगाया कि राजस्थान कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) विधेयक, 2025 के प्रावधानों की गलत व्याख्या कर छोटे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। संगठन ने गोपालपुरा बाईपास क्षेत्र में संचालित बड़े संस्थानों के मामले में कार्रवाई की कथित असमानता पर भी सवाल उठाए। कोचिंग संस्थानों, पुस्तकालयों और छात्रावासों को वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा स्थानांतरण के लिए पर्याप्त समय दिए बिना सील किए जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। साथ ही संस्थान संचालकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनीष कुमार नाडार ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास के हस्तक्षेप के बाद जेडीए ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने मांग की कि सीलिंग की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर प्रभावित संस्थानों को नियमानुसार राहत दी जाए, ताकि शिक्षण कार्य दोबारा शुरू हो सके। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि मामले का जल्द समाधान नहीं हुआ तो छोटे कोचिंग संचालकों, विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों के हितों को लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में संजय (पाठशाला), दिनेश (जीएस प्लैनेट), अमित (राजस्थान जेट क्लासेस), धर्मेंद्र (मिस्टी क्लासेस) और अनीष कुमार नाडार (सिंघम कोचिंग) सहित विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालक एवं पदाधिकारी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश