खेत की डिग्गी में डूबे पिता व दो बेटे, परिवार उजड़ा

 


हनुमानगढ़, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से पिता और उनके दो बेटों की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि बेटों ने डिग्गी में गिरे पिता को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहरी डिग्गी और सुरक्षित निकास नहीं होने के कारण तीनों की जान चली गई। हादसा रासूवाला गांव के चक 7 आईडीजी रोही क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार गुरदीप सिंह (40) अपने बेटों लखविंद्र सिंह (22) और राजविंद्र सिंह (16) के साथ खेत में फसलों पर स्प्रे करने गए थे। स्प्रे के लिए पानी लेने के दौरान वे पड़ोसी जसवीर सिंह की डिग्गी के पास पहुंचे। इसी दौरान पैर फिसलने से गुरदीप सिंह संतुलन खो बैठे और डिग्गी में गिर गए।

ग्रामीणों के अनुसार डिग्गी काफी गहरी है और उसमें बाहर निकलने के लिए न तो रैंप है और न ही कोई सुरक्षित व्यवस्था। पिता को बचाने के प्रयास में दोनों बेटे भी डिग्गी में उतर गए, लेकिन गहराई और पानी अधिक होने के कारण तीनों बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।

घटना के समय आसपास कोई अन्य किसान मौजूद नहीं था।

देर शाम तक जब तीनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात में ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे। डिग्गी के पास जूते-चप्पल, टोपी, बेल्ट और कपड़े पड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। तलाशी के दौरान पानी में तीनों के शव नजर आए, जिन्हें ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को संगरिया के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया।

संगरिया थानाधिकारी अमर सिंह ने बताया कि बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

इस संबंध में मृतक गुरदीप सिंह के भाई जसवीर सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है।

गुरदीप सिंह खेतीबाड़ी करते थे। बड़ा बेटा लखविंद्र सिंह बीएसटीसी का छात्र था, जबकि छोटा बेटा राजविंद्र सिंह 10वीं कक्षा में पढ़ता था। हादसे के बाद परिवार में अब केवल पत्नी और एक बेटी रह गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित