बेटे की हत्या कर पिता ने किया सुसाइड, मरने से पहले बनाया वीडियो; पत्नी-ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप

 


भीलवाड़ा, 27 फ़रवरी (हि.स.)।

भीलवाड़ा जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र के बड़ला गांव में शुक्रवार को हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक कलह से परेशान एक पिता ने अपने ही 12 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी और उसके बाद खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में राधेश्याम वैष्णव (40) और उसके पुत्र वंश वैष्णव की मौत हो गई।

शुक्रवार सुबह गांव के लोगों को घर के भीतर कोई हलचल दिखाई नहीं दी। पड़ोसियों को शक होने पर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो घर का गेट अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इस पर परिजनों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। चारपाई पर मासूम वंश का शव पड़ा था, जबकि पिता राधेश्याम पास ही जमीन पर जहर पीने के बाद तड़प रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि राधेश्याम ने खेत में फसल काटने में काम आने वाली दरांती से बेटे का गला काट दिया। गहरी चोट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद राधेश्याम ने पहले पंखे से फंदा लगाने की कोशिश की, लेकिन किसी कारणवश सफल नहीं हो पाया। इसके बाद उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन राधेश्याम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने बच्चे के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

सूचना पर मांडलगढ़ के सीओ बाबूलाल बिश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर बच्चे का शव पड़ा मिला और पिता जहर पीने के बाद गंभीर हालत में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आत्महत्या का प्रयास किया गया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से दरांती और अन्य जरूरी सामग्री जब्त कर ली है। साथ ही घर में मौजूद मोबाइल फोन और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राधेश्याम किन परिस्थितियों में यह खौफनाक कदम उठाने को मजबूर हुआ।

इस सनसनीखेज मामले में नया मोड़ तब आया, जब यह सामने आया कि राधेश्याम ने घटना से दो दिन पहले एक वीडियो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किया था। वीडियो में उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। उसने वीडियो में कहा था कि उसे लगातार परेशान किया जा रहा है और इसी वजह से वह आत्महत्या करने जैसा कदम उठाने को मजबूर हो रहा है।

इतना ही नहीं, उसने अपने बकाया पैसों की जानकारी भी वीडियो में दी और परिजनों से आग्रह किया कि उसके कर्ज और उधारी की रकम समय पर चुका दी जाए। वीडियो में उसने पत्नी, 14 वर्षीय बेटे और 16 वर्षीय बेटी को भी अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया था। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस इस वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार राधेश्याम और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। पत्नी पिछले कुछ समय से पीहर में रह रही थी। घटना के समय घर में केवल पिता और पुत्र ही मौजूद थे। प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक गृह क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे बड़ला गांव में शोक का माहौल है। मासूम बच्चे की हत्या और पिता की आत्महत्या से हर कोई स्तब्ध है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में पहले भी विवाद की बातें सामने आती रही थीं, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मामला इतना भयावह रूप ले लेगा। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों को आधार बनाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद