जयपुर में 12 जून को किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा:कैलाश चौधरी
जयपुर, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा राजस्थान की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सोमवार को प्रांतीय मुख्यालय में मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राजस्थान में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में आगामी 12 जून को जयपुर स्थित सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले एक दिवसीय राज्य स्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को रासायनिक खेती से हटकर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित एवं प्रशिक्षित करना है।
कैलाश चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत एवं उनकी विशेषज्ञ टीम किसानों को जीवामृत निर्माण, भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने तथा कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीकों का प्रशिक्षण देगी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के भी शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए त्रिस्तरीय चयन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक मंडल से 5-5 इच्छुक किसानों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक जिले से 150 किसानों की सूची तैयार कर प्रदेश कार्यालय को भेजी जाएगी, जिन्हें 12 जून को जयपुर में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश