विभागीय उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी कल से
जोधपुर, 10 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 21 जून 2026 तक बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के अभियान जिलेभर में व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी, पर्यावरण संरक्षण, किसान हितैषी, महिला सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान उत्थान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त की हैं। भाजपा कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले के प्रत्येक मंडल में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन से संवाद स्थापित करेंगे।
कार्यक्रम के जिला संयोजक व जिला महामंत्री ओमप्रकाश दैया ने बताया कि अभियान के तहत 11 जून से 14 जून तक विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, किसान चौपाल एवं जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में कृषि, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी।
किसान चौपालों में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा कृषि क्षेत्र में हुए सुधारों की जानकारी दी जाएगी। पंद्रह जून से 20 जून तक जिलेभर में योग सप्ताह मनाया जाएगा। आयुष विभाग एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से योग कार्यशालाएं, योग अभ्यास सत्र एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रमों के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश