फाल्गुनी लक्खी मेले में कम भीड़ में शीघ्र दर्शन, सफेद गुलाब-मोगरा से सजा श्याम दरबार

 


सीकर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में चल रहे बाबा श्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले का आज तीसरा दिन है। वीकेंड समाप्त होने के बाद सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, जिससे दर्शन व्यवस्था सुगम बनी हुई है। चारण खेत के सभी जिगजैग मार्ग नहीं खोले गए हैं और खाटू पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं को एक घंटे से भी कम समय में बाबा श्याम के दर्शन हो रहे हैं।

आज बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार सफेद गुलाब, मोगरा और विदेशी फूलों से किया गया है। श्रृंगार में लाल कपड़े और गुलाबी कढ़ाई का बागा पहनाया गया है।

मंदिर परिसर को लाल, पीले और सफेद कपड़ों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। जगह-जगह घंटियां लटकाई गई हैं, जो हवा के साथ मधुर ध्वनि बिखेर रही हैं। थर्माकोल शीट पर बारीक गढ़ाई कर मंदिर को भव्य श्याम दरबार का स्वरूप दिया गया है।

21 फरवरी से शुरू हुए इस मेले में अब तक करीब ढाई लाख श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं। मेले के तीसरे दिन तमिलनाडु, बंगाल और कर्नाटक से मंगाए गए फूलों से विशेष सजावट की गई। सोमवार होने के कारण भीड़ में कुछ कमी रही, लेकिन अनुमान है कि आज भी देशभर से करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु खाटू धाम पहुंच सकते हैं।

रींगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग पर श्याम भक्त नंगे पैर, हाथों में निशान लिए, जयकारों और भजनों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। बच्चा, बुजुर्ग, महिला या पुरुष, हर कोई भक्ति में सराबोर है। रास्ते में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी, विश्राम और एक्यूप्रेशर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

तोरण द्वार पर भक्तों में खासा उत्साह है। यहां धोक लगाने और सेल्फी खिंचवाने का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु गुलाल उड़ाते हुए भजनों पर झूमते नजर आ रहे हैं।

देश-विदेश से आए भक्त जयकारों के साथ खाटू पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंढ़ा मोड़, अलोदा रोड और सांवलपुरा रोड पर अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। पार्किंग से रींगस कस्बा, तोरण द्वार और सीकर धर्मशाला तक ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है, जिसका शुल्क 25 रुपए प्रति सवारी निर्धारित किया गया है।

भक्ति, उल्लास और आस्था के इस महापर्व में खाटू नगरी पूरी तरह श्याममय हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित