उचित मूल्य दुकानों के लिए साक्षात्कार दस जून से
जोधपुर, 05 जून (हि.स.)। जिला रसद अधिकारी प्रथम कार्यालय जोधपुर द्वारा कार्यालय के क्षेत्राधिकार में रिक्त एवं नवसृजित उचित मूल्य की दुकानों के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। इन उचित मूल्य दुकानों के लिए प्राप्त आवेदनों के आधार पर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथि निर्धारित कर दी गई है।
जिला रसद अधिकारी प्रथम, जोधपुर अंजुम ताहिर सम्मा ने बताया कि उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन के लिए प्राप्त आवेदनों के चयनार्थ आवंटन सलाहकार समिति के सदस्यों द्वारा अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए जाएंगे।
सभी साक्षात्कार जिला रसद अधिकारी प्रथम कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, पावटा, जोधपुर में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि तहसील/ब्लॉक जोधपुर के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 10 जून को सुबह 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे। वहीं तहसील/ब्लॉक नगर निगम जोधपुर के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 11 जून को सुबह 11 बजे से होंगे। इसी प्रकार तहसील/ब्लॉक लूणी एवं झंवर के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 11 जून को दोपहर तीन बजे से आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश