केमिकल फैक्ट्री में आग लगने का मामला : फैक्ट्री मालिक का पुत्र शांतिभंग में गिरफ्तार
जोधपुर, 24 सितम्बर (हि.स.)। शहर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र की श्रमिक कॉलोनी स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग विकराल होने लगी। इस दौरान आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। फैक्ट्री में केमिकल के ड्रम रखे होने की वजह से विस्फोट होते रहे। इसमें 13 फायरमैन झुलस गए। जिनका एमजी अस्पताल के बर्न यूनिट में उपचार जारी है। इधर आज सुबह बासनी पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के पुत्र को शांतिभंग में हिरासत में लिया है।
थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि इसमें फैक्ट्री मालिक चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 11 निवासी राजेंद्र के पुत्र स्पर्श को फिलहाल शांतिभंग में पकड़ा गया है।
बता दें कि बासनी श्रमिक कॉलोनी में बुधवार की शाम को एसआर केमिकल फैक्ट्री में आग लगी। जहां दो-तीन दिन पहले ही हैंडीक्राफ्ट और इंडस्ट्रियल काम में आने वाला केमिकल लाया गया था। इसमें आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री के ताला लगा हुआ था। इधर आग लगने के बाद आस-पास रहने वाले लोगों को मौके से हटाया गया।
आग तकरीबन काबू कर ली गई थी, मगर फैक्ट्री में रखे केमिकल ने अचानक आग पकड़े जाने के बाद जोरदाार विस्फोट हुआ और तेरह फायरमैन झुलस गए। जोकि अभी एमजीएच में उपचाराधीन है। इन्हें पहले एम्स ले जाया गया था, मगर वहां बर्न यूनिट नहीं होने पर एमजीएच भेजा गया।
श्रमिक कॉलोनी में आवासीय क्षेत्र में इस फैक्ट्री को संचालित किया जा रहा था। फैक्ट्री में आग लगने की वजह से आसपास मकान में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इधर आग की लपटों की वजह से आसपास के कई मकानों में भी नुकसान होने की संभावना है। घायलों में 3 को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
घटनाक दौरान दुर्गेश पुत्र महेनु कुमार, प्रशांत तंबोली पुत्र सुनील, प्रवीण अवशाल पुत्र राजू, विनय पुरोहित पुत्र जितेंद्र, कुणाल पुत्र विजदर्शन, आशिष पुत्र फरचंद, जोगाराम पुत्र प्रेमाराम, सुमित पुत्र सुभाष, अविनाश, प्रदीप, मोहम्मद हनीफ और दिनेश सहित 13 लोग झुलसे है। जिला कलेक्टर आलोक रंजन और पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया ने घायलों की सुध ली।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश