किंग्स रोड पर प्रायोगिक वन-वे व्यवस्था में मिलेगी जाम से राहत
जयपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। श्याम नगर स्थित किंग्स रोड पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने गुरुवार से प्रायोगिक आधार पर नई वन-वे व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश पर लागू की जा रही इस व्यवस्था का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाना है।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि किंग्स रोड पर वाहनों का अत्यधिक दबाव होने से लगातार जाम की स्थिति बन रही थी। इसे देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। नई व्यवस्था के तहत निर्माण नगर से छाबड़ा चौराहा की ओर सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। जबकि छाबड़ा चौराहा से निर्माण नगर की ओर यातायात पहले की तरह संचालित होगा। निर्माण नगर से छाबड़ा चौराहा एवं मानसरोवर जाने वाले वाहन चालक अजमेर रोड, पार्श्वनाथ मार्ग तथा अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा पार्श्वनाथ मार्ग से मंदिर मार्ग होते हुए किंग्स रोड की ओर आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। वहीं छाबड़ा चौराहा से टी.एन. मिश्रा मार्ग की ओर जाने वाला यातायात भी प्रतिबंधित रहेगा, जबकि टी.एन. मिश्रा मार्ग से छाबड़ा चौराहा की ओर आवागमन सामान्य रहेगा। जनपथ मार्ग से वशिष्ठ मार्ग होकर श्याम नगर मंडी जाने वाले वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश