एमडीएम हॉस्पिटल में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
जोधपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भामाशाह बद्रीदास मूंदड़ा परिवार द्वारा तैयार करवाए गए सीसीयू सेकंड वार्ड का लोकार्पण किया गया। जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट की प्रेरणा से भामाशाह मूंदड़ा परिवार ने करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से तैयार 17 बेड का अत्याधुनिक सीसीयू सेकंड वार्ड रिनोवेट करवाया है।
संत चंद्रप्रभ सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में भामाशाह परिवार से लीला देवी मूंदड़ा, हरीश मूंदड़ा, मनीष मूंदड़ा गिरीश मूंदड़ा, गिरधारी मूंदड़ा, बद्रीनारायण भूतडा, मधु आडवाणी, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, ट्रस्ट अध्यक्ष घनश्याम ओझा, डॉ एसएन मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ बीएस जोधा ने संयुक्त रूप से वार्ड का लोकार्पण किया।
जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने बताया कि ट्रस्ट की प्रेरणा और भामाशाह परिवार के सहयोग से यह वार्ड आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित बनाया गया है, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
ट्रस्ट सचिव शिवनारायण मूंदड़ा ने बताया कि इस अवसर पर जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी सुरेश राठी, जेएम बूब, गजेंद्र सिंघवी, श्याम बाहेती, प्रकाश जीरावाला, माधोसिंह भंडारी महावीर लुनिया, सोहन भूतड़ा, प्रेम जैन, सुमेर राजपुरोहित, मथुरादास माथुर अस्पताल अधीक्षक डॉ विकास राजपुरोहित, डॉ रोहित माथुर, महात्मा गांधी अस्पताल अधीक्षक डॉ फतेह सिंह भाटी, केएन चेस्ट हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ सीआर चौधरी सहित अस्पताल के चिकित्सा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश