बेटियों के जन्म पर चावण्डा ने रचा गौरव का नया अध्याय
जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। बेटियों के जन्म को उत्सव, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य से जोडऩे की दिशा में ग्राम पंचायत चावण्डा ने अनूठी पहल करते हुए सामाजिक सरोकार का नया उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत चावण्डा की प्रशासक अमराव कंवर मोहनसिंह राजपुरोहित की पहल पर आयोजित बेटी जन्म गौरव सम्मान समारोह में चावण्डा एवं बासनी सैफा क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान जन्मी 225 बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बेटियों के नाम 5100 रुपये की राशि की बचत से उनके भविष्य को सुरक्षित करने की पहल की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को गांव-गांव तक मजबूत करना तथा बेटियों के जन्म को परिवार के साथ-साथ पूरे समाज के लिए गौरव का अवसर बनाना रहा। प्रत्येक बालिका के लिए 5100 रुपये की राशि, सम्मान किट, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान की गईं। वर्ष 2021 से अब तक ग्राम पंचायत क्षेत्र में जन्मी 225 बालिकाओं को इस पहल से लाभान्वित किया गया। इससे कुल 11 लाख से अधिक की राशि बालिकाओं के भविष्य के लिए बचत के रूप में जुड़ी। समारोह में मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने शिरकत की। उन्होंने बेटी जन्म गौरव सम्मान समारोह के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। पंचायत समिति केरू की प्रधान अनुश्री पूनिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। समारोह के दौरान ग्राम पंचायत चावण्डा क्षेत्र में पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश