भाजपा के वरिष्ठ नेता राज के. पुरोहित का निधन, सिरोही में शोक की लहर

 


सिरोही, 18 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रवासी समाज के मजबूत आवाज राज के. पुरोहित (71) का देर रात मुंबई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और 15 जनवरी को बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने अंतिम सांस ली।

पुरोहित मूल रूप से राजस्थान के सिरोही जिले के फूंगनी गांव के निवासी थे।

उनके निधन की खबर से मुंबई की राजनीति के साथ-साथ राजस्थान में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुरोहित महाराष्ट्र विधानसभा के पांच बार विधायक रहे। उन्होंने मुंबादेवी विधानसभा क्षेत्र से चार बार और कोलाबा विधानसभा क्षेत्र से एक बार चुनाव जीता। अपने राजनीतिक जीवन में वे महाराष्ट्र सरकार में गृहनिर्माण मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रहे।

मुंबई भाजपा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने दक्षिण मुंबई में पार्टी को मजबूत आधार दिया और संगठन को नई दिशा दी। पुरोहित को मुंबई में प्रवासी किराएदारों, विशेषकर उत्तर भारतीय समुदाय के हितैषी नेता के रूप में जाना जाता था। पुरानी इमारतों में रहने वाले किराएदारों के पुनर्वास, हाउसिंग पॉलिसी और आवासीय अधिकारों को लेकर उनके संघर्ष को आज भी याद किया जाता है। इसी वजह से वे आमजन के बीच ‘उत्तर भारतीयों के मसीहा’ कहलाए।

पुरोहित के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे हनुमान सिंह झाबरा ने बताया कि राज के. पुरोहित जमीन से जुड़े हुए नेता थे। वे अपने लक्ष्य और काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते थे। चाहे कार्यकर्ता हो या आम नागरिक, मदद के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले रहते थे। पुरोहित का निधन मुंबई महानगर पालिका चुनाव 2026 के नतीजों के ठीक दो दिन बाद हुआ। उनके बेटे आशीष पुरोहित ने वार्ड 221 से भाजपा के टिकट पर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। बताया गया कि मतगणना के दौरान भी राज के. पुरोहित अस्पताल में भर्ती थे, बावजूद इसके उन्होंने देर रात बेटे को गले लगाकर जीत की बधाई दी थी।

पुरोहित के अंतिम दर्शन रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक राजहंस बिल्डिंग, जी रोड, मरीन ड्राइव मुंबई में किए जा सकेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे उनकी अंतिम यात्रा मुक्तिधाम चंदनवाड़ी सोनपुर लेन के लिए रवाना होगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई राजनीतिक नेताओं ने राज के. पुरोहित के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उनके निधन को राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

पुरोहित के निधन से एक अनुभवी, जनसेवी और संघर्षशील नेता का अध्याय समाप्त हो गया, जिनकी यादें और योगदान लंबे समय तक राजनीति और समाज में जीवित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित