लाेकतंत्र काे बचाने के लिए देशवासी आज भी पूरी तरह तैयार : अशाेक गहलाेत
बीकानेर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशाेक गहलाेत ने मंगलवार काे बीकानेर में कहा कि दिल्ली में हुए प्रदर्शन से पूरे देश में यह संदेश गया है कि लोकतंत्र को बचाने के लिए देशवासी आज भी पूरी तरह तैयार हैं। इस लड़ाई में पूरा देश और हमारी युवा पीढ़ी (जेन जी) एकजुट है। हम किसी भी कीमत पर इन तानाशाही शक्तियों के मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे। दाे दिवसीय दाैरे पर बीकानेर आए गहलाेत ने नाल सिविल एयरपाेर्ट के पास पत्रकाराें से बातचीत करते हुए कहा कि आज देश में जम्हूरियत खतरे में है। मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी इन तानाशाही शक्तियों के खिलाफ कड़ा संघर्ष कर रही है। ऐसे वक्त में अगर हम राज्यों में एकजुट नहीं होंगे, तो देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई कैसे लड़ेंगे? हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ इस मुल्क में जम्हूरियत और लोकतंत्र को बचाना है।एक प्रश्न के उत्तर में गहलाेत ने कहा कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज़ ही नहीं है। खुद अधिकारी यह बात कह रहे हैं कि इस सरकार की प्रशासन पर कोई पकड़ या प्रभाव नहीं है।आगामी पंचायत व जिला परिषद के चुनाव सम्बन्धी एक अन्य सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे। पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ मिलकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सबको साथ लेकर चल रही है। पंचायत राज चुनावों के लिए जिलों, ब्लॉक और प्रदेश स्तर पर कमेटियां बना दी गई हैं। इस प्रक्रिया से पूरे प्रदेश में माहौल बदला है और मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब एकजुट होकर इन चुनावों में शानदार जीत दर्ज करेंगे।इस अवसर पर पूर्व मंत्री डाॅ. बी.डी.कल्ला, पूर्व मंत्री गाेविंदराम मेघवाल, विधायक सुशीला डूडी, मेयर अनिल कल्ला, पूर्व मेयर हाजी मकसूद अहमद सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता माैजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव