इवोक 2026 में जुटे 5,000 से अधिक लोग, 75 से ज्यादा प्रदर्शकों ने लिया हिस्सा

 


जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर में आयोजित तीन दिवसीय ‘इवोक 2026-द इवेंट इंडस्ट्री कन्वेंशन’ के दूसरे दिन शुक्रवार को इवेंट एंड वेडिंग एक्सपो, पोलो मैच और संगीत कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। एसोसिएशन ऑफ इवेंट एंटरप्रेन्योर्स (एईई) की ओर से आयोजित कन्वेंशन में अब तक 5,000 से अधिक लोग और 75 से ज्यादा प्रदर्शक भाग ले चुके हैं।

एक्सपो में इवेंट, वेडिंग, हॉस्पिटैलिटी और लाइफस्टाइल क्षेत्र से जुड़े प्रदर्शकों ने अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया। आयोजन में उद्योग से जुड़े पेशेवरों, संभावित ग्राहकों और अन्य आगंतुकों ने कारोबार तथा सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। दूसरे दिन पेपर डायरीज के अंकुर तलवार, लाइफस्टाइल एक्सपीरियंस लर्निंग की पूजा पुरी, टीवी9 की जनरल मैनेजर सागोरिका भट्टाचार्य और ट्रैवल ट्वीट की तनु बाना सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए।

एईई अध्यक्ष समीर बाबेल ने कहा कि कन्वेंशन के जरिए इवेंट उद्योग से जुड़े लोगों को कारोबार, नेटवर्किंग और आपसी सहयोग के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके अनुसार, जयपुर की विरासत और आतिथ्य परंपरा को आयोजन से जोड़कर शहर में डेस्टिनेशन वेडिंग और बड़े समारोहों की संभावनाओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। शुक्रवार शाम राजस्थान पोलो ग्राउंड में पोलो मैच आयोजित हुआ। इसके बाद गायिका शिबानी कश्यप और रॉडनी एंड बैंड ने लाइव प्रस्तुतियां दीं।

तीन दिवसीय आयोजन का समापन शनिवार, 10 अक्टूबर को ऐतिहासिक जयगढ़ फोर्ट में होगा। समापन समारोह में अभिनेत्री नरगिस फाखरी शामिल होंगी। आयोजकों के अनुसार, कन्वेंशन का उद्देश्य इवेंट, वेडिंग और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के पेशेवरों को एक मंच पर लाना तथा जयपुर को डेस्टिनेशन वेडिंग और बैठक, प्रोत्साहन, सम्मेलन एवं प्रदर्शनी (एमआईसीई) आयोजनों के केंद्र के रूप में बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश