एथेनॉल से भरा टैंकर पलटा, 200 मीटर तक फैली आग, ड्राइवर जिंदा जला

 


जालोर, 18 मार्च (हि.स.)। जिले में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे पर एथेनॉल से भरा एक टैंकर पलट गया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और हाईवे पर करीब 200 मीटर तक लपटें फैल गईं। हादसा दोपहर में सिवाड़ा ओवरब्रिज के पास हुआ।

टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से टैंकर पलट गया और उसमें भरे ज्वलनशील पदार्थ के कारण तुरंत आग लग गई।

हादसे में टैंकर चालक सुखराम मेघवाल (34), निवासी गुड़ामालानी (बाड़मेर) की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं उसके साथ बैठा उसका रिश्तेदार नरसीराम मेघवाल (26) समय रहते टैंकर से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। घायल नरसीराम को सिवाड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार टैंकर में एथेनॉल भरा हुआ था, जो अत्यधिक ज्वलनशील होता है। टैंकर पंजाब के भटिंडा से गुजरात के कांडला जा रहा था। हादसे के बाद रिसाव के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे हाईवे का एक हिस्सा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही सांचौर से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बाद में निजी कंपनी की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। इस दौरान हाईवे के एक तरफ का ट्रैफिक रोक दिया गया।

हादसे की सूचना पर सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त टैंकर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित