रेल अधिकारी-कर्मचारियों ने ली पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता की शपथ

 


जोधपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल पर विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने मंडल कार्यालय परिसर में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस अभियान पांच जून तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की थीम जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर ध्यान केन्द्रित करना पर आधारित है। अभियान के अंतर्गत आज मंडल के नागौर, बाड़मेर, जैसलमेर, मेड़ता रोड एवं डेमो शेड सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं कार्यालयों में जागरूकता रैली आयोजित की गई।

रैली के माध्यम से यात्रियों एवं रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा हरित जीवनशैली अपनाने हेतु जागरूक किया गया। हमारा पर्यावरण-हमारी जिम्मेदारी के संदेश के साथ सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

इस अवसर पर हरित, स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण के संरक्षण हेतु जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मंडल के सैकड़ों रेल कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अपने संबोधन में रेलकर्मियों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत अपने घर एवं कार्यालय से करें।

उन्होंने प्लास्टिक उपयोग कम करने पर बल देते हुए कहा कि कार्यालय में प्लास्टिक बोतलों के स्थान पर घर से पानी की बोतल लाने की आदत विकसित करनी चाहिए। साथ ही रीसायकल योग्य लंच बॉक्स एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश