योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : शेखावत

 




जयपुर, 10 मई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि गांवों के विकास, किसानों के कल्याण और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से राजस्थान सरकार द्वारा ग्राम रथ यात्रा शुरू की गई है।

रविवार को जैसलमेर जिले के फलसूण्ड में आयोजित ग्राम रथ यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि सरकार चाहती है कि योजनाओं की जानकारी सीधे गांव-गांव तक पहुंचे और पंचायत स्तर की समस्याएं प्रभावी रूप से शासन तक पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रसंस्करण, आधुनिक तकनीक और मूल्य संवर्धन पर भी विशेष ध्यान देना होगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर तैयार होंगे।

उन्होंने बताया कि आगामी दो माह में ग्लोबल राजस्थान एग्रीकल्चर मीट आयोजित की जाएगी, जिसमें कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीकों और निवेश से जोड़ने पर व्यापक चर्चा होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में लगभग 35 लाख करोड़ रुपए के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें से कई परियोजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं। इसी प्रकार कृषि क्षेत्र में भी बड़े निवेश और नवाचार की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

शेखावत ने कहा कि फलसूण्ड क्षेत्र में लंबे समय बाद ग्रामीणों से सामूहिक संवाद का अवसर मिला, जहां उन्होंने पिछली रात जनचौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। संबंधित दस्तावेज एकत्र कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन को क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं से अवगत कराया गया है, ताकि विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान में तेजी लाई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और सरकार की योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम रथ यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन और जनकल्याण योजनाओं को गांवों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित