योजनाओं का लाभ और विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यही सच्ची श्रद्धांजलि : गोपाल शर्मा
जयपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने मंगलवार सुबह डॉ. आंबेडकर जयंती के अवसर पर अशोकपुरा, सोडाला स्थित पालीवाल चौराहा पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने बाबा साहब के विचारों को सामाजिक न्याय, समानता और सशक्तिकरण का आधार बताते हुए उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक शर्मा ने केक काटकर, मिष्ठान्न एवं फल वितरित कर क्षेत्रवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब ने अपने जीवन में संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान के बल पर यह सिद्ध किया कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, दृढ़ संकल्प से बदलाव संभव है। उनका दिया हुआ संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र, समानता और न्याय का मजबूत आधार है। शर्मा ने कहा कि डॉ आंबेडकर ने ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ और विकास समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का जो काम हो रहा है, यही बाबा साहेब के विचारों का विस्तार है।
इस अवसर पर पूर्व उप महापौर मनीष पारीक, मंडल अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, न्यू सांगानेर रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश यादव, महामंत्री मानवेंद्र सिंह, प्रवीण शर्मा, संजय सैनी, निवर्तमान पार्षद चेयरमैन पवन शर्मा नटराज, पूनम शर्मा, वार्ड 46 पार्षद प्रत्याशी मीना मीणा, दीपक शर्मा, चंद्रप्रकाश नायक, वार्ड 45 अध्यक्ष हरिनारायण मेहरा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश