उत्तर पश्चिम रेलवे के समदड़ी-मोदरान रेलखंड पर ट्रैक गति क्षमता में बढ़ोतरी

 


जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल संचालन को तीव्र एवं सुगम बनाने के प्रयासों के तहत जोधपुर मंडल के समदड़ी - भीलड़ी रेलखंड के समदड़ी से मोदरान स्टेशन तक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले समदड़ी - भीलड़ी रेल खंड के समदड़ी से मोदरान स्टेशन तक सेक्शनल स्पीड 100 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा अनुमोदित की गई है।

इस रेलखंड में गति क्षमता में बढ़ोतरी सिग्नलिंग प्रणाली के अपग्रेडेशन, विद्युतीकरण, ट्रैक उन्नयन, तकनीकी सुधारों तथा आवश्यक संरचनात्मक कार्यों के होने के फलस्वरूप की गई है। आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित किए जाने से ट्रेन परिचालन अधिक संरक्षित और विश्वसनीय हुआ है। इसके साथ ही इस खंड पर कई गति प्रतिबंधों को भी हटाया गया है।

सेक्शन की गति बढ़ने से ट्रेनों के यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे यात्रियों को तीव्र और सुगम सफर का लाभ मिलेगा। वहीं, संरक्षा मानकों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही इस रेल खंड पर लाइनों की क्षमता में वृद्धि के बाद आगामी समय में अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।

इस कार्य से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह उपलब्धि उत्तर पश्चिम रेलवे के इन्फ़्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव