स्वास्थ्य, खनन और पर्यटन क्षेत्रों में सुधार व नवाचार पर दिया जोर
जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने अपने उदयपुर प्रवास के दौरान स्वास्थ्य, खनन और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुधार, नवाचार और गुणवत्ता सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया। दौरे के दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने चिकित्सा संस्थानों, खनन इकाइयों और पर्यटन स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने रविन्द्रनाथ टैगौर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (आरएनटी मेडिकल कॉलेज) पहुंचकर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और ट्रॉमा एवं सर्जिकल इमरजेंसी यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज की फैकल्टी से संवाद करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण शोध को बढ़ावा देने, उच्च स्तरीय लाइब्रेरी विकसित करने तथा डीन रिसर्च की नियुक्ति जैसे सुझाव दिए। साथ ही इंडेक्स जर्नल्स में अधिक से अधिक शोध प्रकाशन करने पर बल दिया।
मुख्य सचिव ने अस्पताल में चल रहे “मेरा अस्पताल-मेरी जिम्मेदारी” अभियान और रेफर मरीजों के लिए तैयार “रेपिड रेफरल रिड्रेसल सिस्टम-सेतु” की सराहना की। उन्होंने न्यूरोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों व परिजनों से उपचार व्यवस्था पर फीडबैक भी लिया। नर्सिंग केयर की गुणवत्ता बढ़ाने और सायंकालीन ओपीडी शुरू करने जैसे प्रयासों को भी उन्होंने सराहा। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालयों में ई-गवर्नेंस और डिजिटल प्रोजेक्ट्स लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
दौरे के दौरान मुख्य सचिव ने पंचवटी स्थित राजस्थान स्टेट माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) मुख्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने खनन क्षेत्र में सुधारों और नवाचारों की संभावनाओं पर मंथन करते हुए अधिकारियों को एक ठोस रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे राज्य के राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बलीचा स्थित इंडियान इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट उदयपुर का दौरा कर अकादमिक स्टाफ के साथ संवाद किया और विकसित भारत के विजन को साकार करने में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य सचिव ने उदयपुर प्रवास के दौरान फतेहसागर झील के मध्य स्थित नेहरू उद्यान का भी अवलोकन किया। सोलर बोट के माध्यम से उद्यान पहुंचकर उन्होंने वहां किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया और उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की।
अधिकारियों से उन्होंने पर्यटन विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स की विस्तृत जानकारी ली तथा प्रगतिरत और प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की।
इस दौरान संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलेक्टर नमित मेहता सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य सचिव का यह दौरा राज्य में बहुआयामी विकास, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और नवाचार आधारित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित