सम्राट पृथ्वीराज चौहान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर, उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : गजेन्द्र सिंह शेखावत

 


ब्यावर, 18 जून (हि.स.)। आशापुरा माता धाम में गुरुवार को सम्राट पृथ्वीराज चौहान जन्मोत्सव समापन समारोह एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, सांसद, जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं की उपस्थिति में 11 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया गया तथा राष्ट्रनायकों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।

इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान का जीवन और बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, सम्राट पृथ्वीराज चौहान, रानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक महापुरुषों और वीरांगनाओं ने अपने त्याग और बलिदान से भारतीय संस्कृति और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा की। उन्होंने नई पीढ़ी से राष्ट्रनायकों के जीवन से प्रेरणा लेकर सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विकास के लिए योजनाएं तैयार कराने का आश्वासन भी दिया।

जल संसाधन राज्य मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वीरों के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने घोषणा की कि लूनी बांध का नाम शीघ्र ही सम्राट पृथ्वीराज चौहान के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा को विकास का सबसे बड़ा आधार बताते हुए सभी से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के नायक होते हैं। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के संस्कारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की निरंतरता में महापुरुषों का योगदान अतुलनीय रहा है और उनके आदर्श सदैव समाज को प्रेरित करते रहेंगे।

राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने मेवाड़ और मारवाड़ के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान और महाराणा प्रताप आज भी जन-जन के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महान योद्धाओं ने सत्य, स्वाभिमान और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष का मार्ग चुना और कभी अन्याय के सामने आत्मसमर्पण नहीं किया। यही कारण है कि वे आज भी देशवासियों के हृदय में जीवंत हैं।

ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने युवाओं से सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन, वीरता और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रनायकों के आदर्श सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

समारोह के दौरान 11 नवविवाहित जोड़ों को जनप्रतिनिधियों एवं संत-महात्माओं ने आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। इस अवसर पर डॉ. रमेशचंद्र अग्रवाल, उमाशंकर शर्मा, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, संत-महात्मागण, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नवविवाहितों के परिजन, मित्र और आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित