क्रेन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, हादसे के बाद चालक फरार
उदयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उदयपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बड़ी गांव स्थित मोया चौराहे पर पैदल जा रहे अंबालाल माली को पीछे से आ रही क्रेन ने टक्कर मार दी। क्रेन के टायरों के नीचे आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसा सोमवार दोपहर हुआ। अंबालाल माली सड़क पर पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से आई क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह क्रेन के टायरों के नीचे आ गए। सीसीटीवी फुटेज में हादसे के बाद चालक क्रेन से उतरकर घटनास्थल पर रुकता दिखाई दे रहा है। करीब 30 सेकंड तक बुजुर्ग को देखने के बाद वह दौड़कर पास की गली से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाधिकारी हितेश यादव के अनुसार मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने क्रेन जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों ने आक्रोश जताया और फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि अंबालाल माली घर से किसी काम के लिए निकले थे। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित