हलके कोहरे के कारण नहीं दिखा हाइवे किनारे खड़ा ट्रेलर, पीछे से घुसी कार, वृद्ध की मौत, दो महिलाएं घायल

 


चित्तौड़गढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले के गंगरार क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वहीं कार में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सुबह गंगरार के समीप राधा-कृष्ण होटल के सामने हुआ। डूंगला से भीलवाड़ा की ओर जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रोले में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे का कारण सुबह करीब 7 बजे हल्का कोहरा बताया जा रहा है।

गंगरार पुलिस उप अधीक्षक उदयसिंह ने बताया कि गंगरार थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में डूंगला निवासी बसंतीलाल नागौरी (75) की मौत हो गई। वहीं इसकी पत्नी उगम बाई तथा सरोज पत्नी विनोद कुमार घायल हो गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए श्री सांवलियाजी राजकीय जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में कार सवार विनोद कुमार और 12 वर्षीय बालिका भव्या सुरक्षित बच गए। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सुबह क्षेत्र में हलका कोहरा छाया हुआ था। ऐसे में कम दृश्यता के चलते सड़क किनारे खड़ा ट्रोला कार चालक को समय रहते दिखाई नहीं देने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मृतक बसंतीलाल नागौरी के शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी चिकित्सालय पहुंचे। वहीं गंगरार पुलिस के अधिकारी फूलचंद भी जिला चिकित्सालय पहुंचे और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर, कार में सवार उगम बाई तथा सरोज के गंभीर चोट लगने के कारण उदयपुर रेफर कर दिया है। फिलहाल दोनों को स्थिति स्थिर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल