जेजेएम पर गहलोत के आरोपों को लेकर दिलावर का पलटवार, बोले—पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दें
जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जल जीवन मिशन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से लगाए गए आरोपों पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पलटवार किया है। दिलावर ने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल पर जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत को वर्तमान सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल में योजना के तहत हुए कार्यों और खर्च की गई राशि का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
मंत्री दिलावर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जल जीवन मिशन में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि जनता के लिए स्वीकृत राशि कहां खर्च हुई और उसका वास्तविक लाभ किसे मिला, इसका जवाब तत्कालीन सरकार को देना चाहिए। दिलावर ने कहा कि अब फाइलों में काम होने की बात कहकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि जिनके शासनकाल में भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर मामले सामने आए, वे आज दूसरों को नसीहत दे रहे हैं।
दिलावर ने जल जीवन मिशन से जुड़े मामलों का हवाला देते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार के समय पीएचईडी विभाग के मंत्री सहित कई लोगों को जेल जाना पड़ा था। उन्होंने गहलोत से कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल में सामने आए मामलों का जवाब दें।
दिलावर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश में खर्च की गई राशि और हुए कार्यों का पूरा हिसाब जनता के सामने आना चाहिए। उन्होंने गहलोत से अपने कार्यकाल की फाइलें खुलवाकर उनकी जांच और खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
शिक्षा मंत्री ने राजस्थान लोक सेवा आयोग के एक पूर्व सदस्य द्वारा डेढ़ करोड़ रुपए देकर नियुक्ति हासिल करने संबंधी कथित बयान को भी गंभीर बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय नियुक्तियां किस स्तर पर होती थीं और पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका थी। दिलावर ने कहा कि ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविकता प्रदेश की जनता के सामने आ सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित