शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बूंदी में अलसुबह औचक निरीक्षण, ग्रामीण सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

 




बूंदी, 10 मई (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने रविवार सुबह बूंदी जिले के केशवरायपाटन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की हकीकत परखी। सुबह करीब पांच बजे मंत्री अधिकारियों के साथ गांवों की गलियों में पहुंचे और एक दर्जन से अधिक गांवों में सफाई, पंचायत व्यवस्था एवं विद्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई गांवों में गंदगी, कचरे से भरी नालियां, सफाईकर्मियों की अनुपस्थिति और पंचायत स्तर पर लापरवाही सामने आई, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताई। गुडली गांव में विद्यालय परिसर और गांव में फैली गंदगी देखकर मंत्री ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। ग्रामीणों ने भी नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई।

चड़ी ग्राम पंचायत में विद्यालय परिसर में गंदगी मिलने पर मंत्री ने ग्राम विकास अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगाई।

सफाई कर्मचारियों को निर्धारित राशि से कम भुगतान किए जाने की शिकायत पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी से काम किया जाए। अधिकारी द्वारा दो पंचायतों का कार्यभार होने की बात कहने पर मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

रड़ी, इंद्रपुरिया और भीया गांवों के निरीक्षण में भी अव्यवस्थाएं सामने आईं। इंद्रपुरिया में तालाब के आसपास गंदगी और भीया गांव में अटल सेवा केंद्र पर ग्राम विकास अधिकारी की अनुपस्थिति पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया।

पंचायत रिकॉर्ड में अनियमितता देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया।

गोठड़ा क्षेत्र की धोवड़ा ग्राम पंचायत में भी मंत्री ने सफाई व्यवस्था और विद्यालय निर्माण कार्यों में अनियमितताओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार स्वच्छता को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है, लेकिन पंचायत स्तर पर निगरानी की कमी के कारण हालात खराब हो रहे हैं।

मंत्री दिलावर ने अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने, नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित