साइबर ठगी की काली कमाई पर ईडी का शिकंजा: राजस्थान-पंजाब में 7 ठिकानों पर छापेमारी
जयपुर, 05 जून (हि.स.)। साइबर ठगी के जरिए अर्जित काली कमाई और फर्जी सिम कार्ड नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को राजस्थान और पंजाब में बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने राजस्थान के जोधपुर, नागौर और किशनगढ़ सहित पंजाब के लुधियाना में कुल सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
ईडी सूत्रों के अनुसार कार्रवाई जोधपुर के बासनी स्थित साइबर क्राइम शाखा में दर्ज एक मामले के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल सिम कार्ड बड़ी संख्या में खरीदे जा रहे थे और बाद में उन्हें साइबर अपराधियों को बेचा जा रहा था। इन सिमकार्डों का उपयोग ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉलिंग और अन्य साइबर अपराधों में किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार जोधपुर में तीन, नागौर में दो तथा किशनगढ़ और पंजाब के लुधियाना में एक-एक स्थान पर ईडी की टीमों ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान साइबर अपराध से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग लेन-देन और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की गई।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार विदेशों तक जुड़े हो सकते हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि साइबर अपराधियों तक सिम कार्ड पहुंचाने वाले गिरोह का संचालन किस स्तर पर किया जा रहा था और इससे अर्जित धनराशि को किस प्रकार ठिकाने लगाया गया।
ईडी की कार्रवाई के दौरान संबंधित ठिकानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए हैं। एजेंसी पूरे नेटवर्क की वित्तीय गतिविधियों और साइबर ठगी से जुड़े लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश