ईसीबी खेल उत्सव में 400 से अधिक खिलाड़ियों ने 12 से अधिक खेलों में दिखाया दमखम
बीकानेर, 01 सितंबर (हि.स.)। इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) द्वारा बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में नवप्रवेशित एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रारम्भ-द्वितीय स्पोर्ट्स वीक’ का सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। आयोजन में 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया तथा 12 से अधिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। तीन दिनों तक कॉलेज परिसर में विभिन्न खेल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, स्वर्ण एवं रजत पदक तथा विजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर के प्राचार्य डॉ. संजीव जैन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि कॉलेज द्वारा भविष्य में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए और बड़े खेल आयोजन किए जाएंगे।
अंतिम दिन वरिष्ठ विद्यार्थियों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ईसीबी की टीम विजेता रही। विजेता टीम में कप्तान कृष्णा के साथ संदीप खीचर, प्रवीण सिंह, हरिओम राठौड़, विकास जांगिड़, हर्ष, सीताराम और पीयूष कुमावत शामिल रहे।
फुटबॉल मुकाबले में वेलवेट स्ट्राइकर्स ने स्टॉर्मब्रेकर्स को 5-0 से पराजित किया। बालिका टग ऑफ वार में पालक की कप्तानी वाली टीम विजेता रही। बैडमिंटन बालिका वर्ग में एस. वार्षिणी विजेता एवं लक्षिका बाटू उपविजेता रहीं। बालक वर्ग में आदित्य खत्री विजेता तथा कनव माहेश्वरी उपविजेता रहे। वरिष्ठ विद्यार्थियों के क्रिकेट मुकाबले में यूसीईटी ने ईसीबी को पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया। मैच के दौरान दोनों संस्थानों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहा।
स्टाफ सदस्यों के बैडमिंटन मुकाबले में भी उत्साह देखने को मिला। इसमें डॉ. नवीन शर्मा एवं डॉ. विनीत कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि डॉ. देवेंद्र गहलोत एवं डॉ. अवधेश व्यास ने रजत पदक प्राप्त किया।
खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न खेलों में 160 से अधिक स्वर्ण एवं रजत पदक वितरित किए गए। विजेता टीमों को ट्रॉफियां तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि ‘प्रारम्भ-द्वितीय’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने के साथ उनमें टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
समापन समारोह का मंच संचालन डॉ. अवधेश व्यास ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. देवेंद्र गहलोत ने किया। कार्यक्रम में डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. अवधेश व्यास, डॉ. देवेंद्र गहलोत, मनोज चौधरी, डॉ. सुभाष पंवार, राजेश व्यास, डॉ. यूनुस शेख, मनीष व्यास, विजय सिंह भाटी, मुमताज अली मीर, शौकत तंवर, रोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में संकाय सदस्य, स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव