आईपीएल की तर्ज पर ईसीबी-ईपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, डिजिटल नीलामी से बनीं छह टीमें

 


बीकानेर, 03 अगस्त (हि.स.)। इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) में 10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाली ईसीबी प्रीमियर लीग (ईसीबी-ईपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ सोमवार को खिलाड़ियों की डिजिटल नीलामी और ट्रॉफी अनावरण के साथ हुआ। भारतीय प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर आयोजित प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) और यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूसीईटी) के 155 खिलाड़ियों ने भाग लिया। डिजिटल नीलामी के माध्यम से छह टीमों का गठन किया गया।

बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने ट्रॉफी का अनावरण किया। आयोजन संयोजक एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए दोनों संस्थानों के 155 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। प्रत्येक टीम को खिलाड़ियों के चयन के लिए 1.25 लाख अंक दिए गए, जिनकी सीमा के भीतर टीम ओनर्स और कप्तानों ने अधिकतम 15 खिलाड़ियों का चयन किया। उन्होंने बताया कि इस बार खिलाड़ियों की नीलामी पूरी तरह डिजिटल प्रणाली के माध्यम से की गई। कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्र पंकज कुमावत द्वारा विकसित वेब आधारित प्रणाली पर प्रत्येक खिलाड़ी का विवरण, उपलब्ध अंक और टीमों की बोली वास्तविक समय में प्रदर्शित होती रही। इससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और तकनीकी रूप से प्रभावशाली बनी।

प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा। इसके अलावा मैचों के प्रमुख क्षण, खिलाड़ियों के प्रदर्शन, दैनिक परिणाम और अन्य गतिविधियों का नियमित अपडेट महाविद्यालय की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया जाएगा।

कार्यक्रम में बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी, डॉ. प्रतिभा चौधरी, डॉ. इन्दु भूरिया, डॉ. सुनीता चौधरी, डॉ. देवेन्द्र गहलोत, डॉ. मोहम्मद यूनुस शेख, डॉ. राकेश पूनिया, डॉ. विजय मोहन व्यास, डॉ. अवधेश व्यास, मनोज चौधरी, मनीष व्यास, रोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव