राजस्थान के स्कूलों तक पहुंचा ‘ईट राइट’ का संदेश

 


जयपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों और युवाओं में सुरक्षित, पौष्टिक एवं संतुलित खान-पान की आदत विकसित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से प्रदेशभर में ‘ईट राइट इनिशिएटिव’ के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। तीन अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान 16 अक्टूबर तक चलेगा।

अभियान के शुरुआती चरण में ही प्रदेश के 270 से अधिक स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर 80 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को सुरक्षित और स्वस्थ भोजन के प्रति जागरूक किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन तथा प्रमुख शासन सचिव डॉ. गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत 3 और 5 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में स्वस्थ एवं संतुलित भोजन के महत्व की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि भोजन का चयन करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किन खाद्य पदार्थों से दूरी रखना जरूरी है। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई तथा सुरक्षित भोजन से जुड़े जरूरी उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।

अभियान में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब का भी उपयोग किया जा रहा है।

इसके माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को खाद्य पदार्थों की मौके पर प्राथमिक जांच की प्रक्रिया दिखाई जा रही है। साथ ही मिलावट के प्रति सतर्क रहने और खाद्य सुरक्षा से जुड़े व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों में कम उम्र से ही सही खान-पान की आदत विकसित करना जरूरी है। अभियान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक उपभोक्ता बनाना है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन का चयन कर सकें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

अभियान के आगामी चरण में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ कॉलेज और विश्वविद्यालयों को भी जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों और युवाओं के बीच सुरक्षित भोजन, संतुलित आहार और खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूकता का दायरा और व्यापक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित