दुर्गाबाड़ी में महासप्तमी पर विधि-विधान से हुई मां दुर्गा की पूजा

 


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। बनीपार्क स्थित जयपुर दुर्गाबाड़ी में शनिवार को महासप्तमी पूजा धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ अत्यंत हर्षोल्लास से संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर मां दुर्गा, महालक्ष्मी और महासरस्वती के दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

पारंपरिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अनुष्ठानों और बंगाली संस्कृति के मुख्य प्रतीक ‘ढाक’ (ढोल) की सुमधुर गूंज से पूरा परिसर दिनभर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। महासप्तमी पर बंगाली परंपरा के अनुसार मां दुर्गा का आह्वान कर विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मां के समक्ष शीश नवाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

जयपुर दुर्गाबाड़ी एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस शारदीय दुर्गा पूजा उत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। पूजा पंडाल में बंगाली संस्कृति, लोक कला और समृद्ध परंपराओं की अनुपम झलक देखने को मिल रही है।

जयपुर दुर्गाबाड़ी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुदीप्तो सेन ने बताया कि महासप्तमी पूजा के पश्चात अब रविवार को महा अष्टमी का विशेष पूजन, संधि क्षण पूजा और अंजलि का आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश