श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया दुर्गाष्टमी व नवमी पर्व

 


जोधपुर, 26 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रा के दौरान गुरुवार को दुर्गाष्टमी व नवमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया गया। इस मौके पर जिले भर में होमाष्टमी पर मंदिरों में विविध धार्मिक अनुष्ठान हुए। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां देकर देश-प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की। देवी मंदिरों में पूजन आरती के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। साथ ही घरों, मंदिरों सहित कई जगहों पर कन्या-बटूकों के पूजन का कार्यक्रम भी हुआ।

मेहरानगढ़ में मां चामुंडा मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ दुर्गाष्टमी मनाई गई। मेहरानगढ़ स्थित चामुंडा माता मंदिर में नवरात्रि के अंतिम दिन से पहले होमाष्टमी पर आज रात हवन प्रारंभ किया जाएगा जिसकी पूर्णाहुति शुक्रवार को सुबह 11.15 बजे से 12.25 के मध्य पूर्व नरेश गज सिंह व हेमलता राज्ये द्वारा की जाएगी। नवमी पर 27 मार्च को दोपहर 12.25 से 12.35 बजे तक तिलक आरती व उसके पश्चात थापनाजी के उत्थापना का मुहूर्त है। वहीं आज शहर के अन्य मंदिरों में भी दुर्गा पूजन, हवन इत्यादि धार्मिक कार्यक्रम दिनभर चलते रहे।

शहर के मेहरानगढ़ माता चामुंडा मंदिर, पुलिस लाइन स्थित माता मंदिर, माता का थान, हिंगलाज माता, दईजर माताजी, कृष्ण नगर माता मंदिर, एयरफोर्स, बीजेएस, चौपासनी, सूरसागर, मधुबन, सांगरिया, कुड़ी सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष कार्यक्रम हुए। माता को हलवा, पूरी, खीर आदि का भोग लगाकर देश और प्रदेश में श्रद्धालु खुशहाली की मंगलकामना की गई। महिलाओं ने नौ कन्याओं को भोज करवाकर उपहार दिए। परंपरा अनुसार दुर्गा स्वरूप बालिकाओं के पूजन के आयोजन भी मंदिरों में किए गए।

251 नन्हीं कन्याओं का पूजन

प्रेम प्रकाश आश्रम जोधपुर द्वारा माता की अष्टमी व राम नवमी की पावन वेला पर 251 नन्हीं कन्याओं का पूजन कर उन्हें करीबन 25-25 उपहार भेंट किए गए। आश्रम के सेवाधारी नारायण दास लिमानी ने बताया कि ज्वाला विहार स्थित आश्रम के प्रांगण में साईं जीतुराम के सानिध्य में कन्या भोजन व पूजन किया गया। अंत में सिंधी छैज लगाई गई।

हवन, संकीर्तन व कन्या पूजन

चैत्र नवरात्रि के उपलक्ष्य में कनौजिया समाज विकास समिति की ओर से रिक्तियां भेरुजी चौराहे के पास रेलवे ब्रिज के नीचे स्थित चामुंडा माता मंदिर में चैत्र मास शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से शुरू हुए नौ दिवसीय कार्यक्रम का आज कन्या पूजन व प्रसादी के साथ समापन हुआ। समिति के सचिव दुलीचंद कनौजिया ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन महिला मंडल द्वारा संकीर्तन, अष्टमी पर हवन हुआ, जिसमें समिति सदस्यों ने आहुतियां प्रदान कर सभी के सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।

अष्टमी पर भजन संध्या का आयोजन हुआ जिसमें पंकज बिंदास व मंजू डागा ने भजनों की प्रस्तुति दी तो भक्त झूमते नजर आए। नवमी पर गुरुवार को सुबह कन्या पूजन व प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें अनेक श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलमंडली व विशेष रोशनी से सजाया गया तथा देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का मनोरम श्रृंगार किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश