गुजरात के पर्यटकों को भा रहा डूंगरपुर, दीपोत्सव में पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़
डूंगरपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। झीलों, पहाड़ियों और ऐतिहासिक विरासत के लिए पहचान रखने वाला डूंगरपुर अब गुजरात के पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है। दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव के दौरान शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी आवाजाही रही। गैपसागर झील की जगमगाती पाल, महादेव की भव्य प्रतिमा, हार्ट शेप सेल्फी पॉइंट और लेजर-ग्राफिक्स शो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, फतेहगढ़ी का म्यूजिकल फाउंटेन भी लोगों को खूब पसंद आया।
इस दौरान प्रदेश के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता भी गुजरात से आए पर्यटकों के बीच पहुंचे। उन्होंने पर्यटकों को डूंगरपुर की ऐतिहासिक विरासत, श्रीनाथजी मंदिर और प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। इसके बाद वे पर्यटकों के साथ फतेहगढ़ी पहुंचे, जहां सभी ने म्यूजिकल फाउंटेन का आनंद लिया। संगीत की धुन पर थिरकते फव्वारों और रंग-बिरंगी रोशनी के नजारे देखकर पर्यटक अभिभूत नजर आए। पर्यटकों ने शहर की स्वच्छता, सुंदर सड़कों और प्राकृतिक खूबसूरती की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुजरात के इतने नजदीक इतना सुंदर शहर होने की उन्हें पहले जानकारी नहीं थी। उन्होंने भविष्य में भी डूंगरपुर आने और अन्य लोगों को यहां घूमने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
दीपावली उत्सव को यादगार बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से छह से 10 नवंबर तक गैपसागर झील किनारे विशेष लेजर और ग्राफिक्स शो आयोजित किया गया। करीब एक घंटे के इस शो में लेजर लाइट और ग्राफिक्स के माध्यम से आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किए गए। झील किनारे हुई आतिशबाजी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। शो देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरवासी और पर्यटक पहुंचे।
दीपोत्सव के दौरान गैपसागर झील, नानाभाई पार्क, बर्ड सेंचुरी पार्क, शहीद पार्क, फतेहगढ़ी, जूना महल और उदय विलास पैलेस पर्यटकों से गुलजार रहे। शहरवासियों ने भी परिवार के साथ इन स्थलों पर पहुंचकर रोशनी और सजावट का आनंद लिया। बाहरी शहरों से आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए नगर परिषद ने मुख्य चौराहे पर पर्यटन सहायता कक्ष स्थापित किया। यहां पोस्टर और ब्रोशर के माध्यम से शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों और उनकी विशेषताओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता के मार्गदर्शन में दीपोत्सव को खास बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। पर्यटन स्थलों की सजावट, आकर्षक रोशनी और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। गुजरात सहित अन्य राज्यों से पर्यटकों के पहुंचने से शहर के बाजारों और होटल व्यवसाय को भी लाभ मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष