कांकरादरा में 30 लाख रुपये की सीसी सड़क का लोकार्पण

 


डूंगरपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा ने मंगलवार को ग्राम पंचायत कांकरादरा में विधायक विकास निधि से 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया।

इस अवसर पर विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना तथा अंतिम छोर तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांकरादरा और आसपास के गांवों में सड़क संपर्क बेहतर होने से आवागमन सुगम होगा, साथ ही स्थानीय व्यापार और जनजीवन को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण से ग्रामीणों को लंबे समय से कीचड़ और जर्जर मार्ग की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा वर्षा ऋतु में आवागमन में होने वाली परेशानियां भी समाप्त होंगी।

लोकार्पण समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम में कांकरादरा एवं चक महुड़ी ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मार्ग के बनने से बरसात के दौरान होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष