डूंगरपुर नगर निकाय चुनाव: कांग्रेस ने कसी कमर, सभापति का चेहरा घोषित कर शहर में बढ़ाई राजनीतिक हलचल
डूंगरपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र में वार्डवार आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद डूंगरपुर शहर की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। करीब तीन दशक के अंतराल के बाद डूंगरपुर शहरी क्षेत्र में कांग्रेस के प्रभावी रूप से मैदान में उतरने की संभावनाओं ने इस बार के मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। पार्टी हाईकमान और वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता के बीच कांग्रेस ने एक बड़ा दांव चलते हुए चुनाव से पहले ही भरत नागदा को सभापति का चेहरा घोषित कर दिया है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि किसी भी वक्त चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है और आचार संहिता लागू होने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। इसे देखते हुए कांग्रेस ने बिना एक पल गंवाए चुनावी शंखनाद कर दिया है।
कांग्रेस संगठन ने संभावित उम्मीदवारों और टिकट के दावेदारों के लिए अपने द्वार खोल दिए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार चुनाव लड़ने को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में जबर्दस्त दिलचस्पी और उत्साह नजर आ रहा है। संगठन स्तर पर प्रक्रिया को गति देते हुए संगठन महासचिव नारायण पंड्या तथा भरत नागदा के पास दावेदारी प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
रणनीति के तहत कांग्रेस इस बार पूरी तरह एकजुट होकर चुनावी समर में उतरने की तैयारी कर रही है। प्रत्येक वार्ड से आने वाले आवेदनों और दावेदारियों पर संगठन स्तर पर गहन मंथन किया जाएगा। पार्टी का मुख्य जोर वार्ड विशेष की सामाजिक समीकरणों को साधते हुए सबसे योग्य और 'जिताऊ' उम्मीदवार को मैदान में उतारने पर है, ताकि दशकों बाद शहरी निकाय की सत्ता में मजबूत वापसी की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष