सांसद अग्रवाल के प्रयासों से दुबई में फंसा सोमानी परिवार सकुशल भारत पहुंचा

 




भीलवाड़ा, 05 मार्च (हि.स.)। भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल के त्वरित प्रयासों से दुबई में फंसा सोमानी परिवार सकुशल भारत पहुंच गया। सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली स्थित भारतीय दूतावास से तत्काल संपर्क किया, जिसके बाद महज 12 घंटे के भीतर रेस्क्यू की प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को सुरक्षित दिल्ली पहुंचाया गया।

भीलवाड़ा के सोमानी परिवार के छह सदस्य आदित्य सोमानी, सुचिता सोमानी, रोनक बाहेती, आस्था पगारिया, नवीन देवपुरा और साक्षी सोनी, 20 फरवरी को दुबई गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बनने से वे वहां फंस गए। स्थिति को लेकर परिवार के अभिभावकों में चिंता बढ़ गई और उन्होंने व उनके परिवारजनों ने भीलवाड़ा सांसद अग्रवाल से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलते ही सांसद अग्रवाल ने तुरंत दिल्ली स्थित भारतीय दूतावास से बातचीत कर बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास शुरू कर दिए। सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि लगातार संपर्क और समन्वय के बाद करीब 12 घंटे में रेस्क्यू टीम बच्चों तक पहुंची और उन्हें सुरक्षित दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सभी बच्चे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। जैसे ही यह खबर भीलवाड़ा में उनके परिवारों तक पहुंची, परिजनों ने राहत की सांस ली और सांसद अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। बाद में सोमानी परिवार के सदस्य दिनेश सोमानी के नेतृत्व में सांसद कार्यालय पहुंचे और सांसद का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान परिवारजनों ने कहा कि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ सकती थी। इस अवसर पर सांसद अग्रवाल ने कहा कि यह उनका नैतिक कर्तव्य है कि लोकसभा क्षेत्र का हर नागरिक सुरक्षित रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक उनके क्षेत्र का एक-एक व्यक्ति जो खाड़ी देशों में युद्ध के कारण फंसा हुआ है, सकुशल भारत नहीं लौट आता, तब तक वे चैन की नींद नहीं सोएंगे।

सांसद ने बताया कि भीलवाड़ा का एक अग्रवाल परिवार का बच्चा अभी कुवैत में फंसा हुआ है। इसके अलावा खाड़ी देशों में अन्य परिवारों के लोग भी सहायता के लिए सांसद कार्यालय पहुंचे हैं। इसको लेकर उन्होंने शुक्रवार को विशेष जनसुनवाई भी की और दिल्ली स्थित दूतावास कार्यालय से संपर्क कर अन्य फंसे हुए लोगों की शीघ्र घर वापसी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विदेश में संकट में फंसे भीलवाड़ा के नागरिकों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और सभी को सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए केंद्र सरकार व दूतावास के साथ समन्वय जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद