रैली निकाली, विद्यार्थियों को दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
जोधपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के गठन के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर आज पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में जोधपुर आयुक्तालय की एएनटीएफ टीम ने पाल गांव में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाल गांव में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यालय से गांव के मुख्य चौराहे तक पैदल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान ऑटो रिक्शा में ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाकर एएनटीएफ टीम के जवानों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। जागरूकता रैली में स्थानीय पुलिस थाना बोरानाडा का पुलिस जाब्ता और सरकारी वाहन भी शामिल रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, गांव के गणमान्य नागरिक तथा नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत रक्त वीर मानव सेवा संस्था के प्रतिनिधियों ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश