मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन, प्रतिनिधियों को सौंपी कॉपी

 


जोधपुर, 12 नवम्बर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन विभाग राजस्थान एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों की अनुपालना में वर्तमान में संचालित फोटोयुक्त मतदाता सुचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सरदारपुरा-127 की प्रारूप मतदाता सूचियों तैयार कर गुरुवार को प्रकाशन किया गया। साथ ही इस संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं अपर जिला कलक्टर द्वितीय जोधपुर के कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया।

इसमें इण्यिन नेशलन कॉग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. हेमसिंह गहलोत एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री महेश चन्द्र व्यास उपस्थित हुए।

इस अवसर पर उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की एक प्रति हार्ड कॉपी में तथा प्रारूप मतदाता सूची की एक फोटो रहित प्रति सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध कराई गई। साथ ही 1 जनवरी 2027 के सन्दर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन कर दावों और आपत्तियों को दर्ज करने की अवधि के दौरान साप्ताहिक आधार पर दावों और आपत्तियों की सूचियों को साझा करनें बी.एल.ए के स्तर से आवेदन प्ररूप 6,7 एवं 8 प्रस्तुत करने के विषय में दिशा-निर्देश, अपील अधिकारियों के विवरण और अपील के प्रावधान के बारे में जानकारी के साथ निर्वाचकों के विवरण संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

मतदाता सूची में किसी नाम को सम्मिलित किए जाने के लिए कोई दावा या किसी नाम के सम्मिलित किए जाने के लिए कोई आक्षेप तथा यदि वर्तमान प्रविष्टियों में बदलाव या संशोधन करना हो तो वह आवेदक दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान 11 दिसंबर से पूर्व प्ररूप 6, 7 एवं 8 में से जो भी समुचित हो ऑनलाइन माध्यम जैसे कि वोटर सर्विस पोर्टल अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सरदारपुरा-127 कार्यालय में अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश